इंदर कौर मर्डर केस: किडनैपिंग के बाद हत्या, आरोपी फरार

Punjabi singer Inder Kaur murder case investigation in Ludhiana.

पंजाब के लुधियाना में इंदर कौर मर्डर केस (Inder Kaur murder case) ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पंजाबी सिंगर इंदर कौर की किडनैपिंग के बाद बेरहमी से हत्या कर उनका शव नहर में फेंक दिया गया। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी फिलहाल कनाडा फरार हो गया है।

6 दिनों बाद मिला शव

लुधियाना के जमालपुर इलाके में रहने वाली 29 वर्षीय पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर पिछले छह दिनों से लापता थीं। परिजनों का आरोप था कि उन्हें बंदूक की नोक पर अगवा किया गया है। लगातार तलाश के बाद बुधवार सुबह पुलिस को नीलो नहर से उनका शव बरामद हुआ, जिसके बाद यह मामला एक हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में बदल गया है।

इंस्टाग्राम की दोस्ती और शादी का दबाव

परिजनों के अनुसार, इंदर कौर की दोस्ती मोगा के रहने वाले एक युवक से करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन बाद में युवक उन पर शादी का दबाव बनाने लगा। कहानी में मोड़ तब आया जब इंदर को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। इसके बाद इंदर ने शादी से पूरी तरह इनकार कर दिया, जिससे आरोपी बौखला गया था।

कनाडा से आकर रची हत्या की साजिश

परिजनों का दावा है कि आरोपी खास तौर पर कनाडा से नेपाल के रास्ते पंजाब पहुँचा था। उसका मकसद केवल इंदर कौर से बदला लेना था। आरोप है कि उसने पहले सिंगर का अपहरण किया और फिर उनकी हत्या कर शव को नहर में बहा दिया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद वह वापस कनाडा भाग गया।

पुलिस की कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय एंगल

पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए समराला के सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और अंतरराष्ट्रीय एंगल को देखते हुए जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। इंदर के माता-पिता और दो भाई कोरिया में रहते हैं, जबकि एक भाई लुधियाना में है। परिवार ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

और नया पुराने