देश की राजधानी दिल्ली से ताजनगरी आगरा और कान्हा की नगरी मथुरा का सफर अब बेहद आसान होने वाला है। Delhi-Varanasi Bullet Train प्रोजेक्ट के तहत आगरा और मथुरा में स्टेशनों के लिए जगह फाइनल कर ली गई है, जिससे यात्रियों को 350 किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार का अनुभव मिलेगा।
आगरा और मथुरा में बनेंगे अत्याधुनिक स्टेशन
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी हाई-स्पीड रेल का जाल बिछाने की तैयारी तेज हो गई है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) ने आगरा और मथुरा में बनने वाले बुलेट ट्रेन स्टेशनों के लिए जमीनों का चयन कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, NHSRCL के अधिकारियों ने हाल ही में यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर इन स्टेशनों की लोकेशन पर मुहर लगा दी है।
कहां बनेंगे ये स्टेशन?
परियोजना के तहत दोनों शहरों में विशाल स्टेशन बनाए जाएंगे, जिसके लिए करीब 250-250 एकड़ जमीन की मांग की गई है। इन स्टेशनों के आसपास भविष्य में आवासीय और कमर्शियल हब भी विकसित किए जाएंगे।
- मथुरा स्टेशन: यह स्टेशन यमुना प्राधिकरण के राया अर्बन सेंटर के पास इटौली गांव में प्रस्तावित है
- आगरा स्टेशन: यह स्टेशन आगरा अर्बन सेंटर के पास एत्मादपुर मदरा गांव (तहसील सदर) में बनाया जाएगा।
महज 1 घंटे में दिल्ली से आगरा का सफर
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी गति है। 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली यह ट्रेन दिल्ली से आगरा और मथुरा का सफर मात्र 1 घंटे में पूरा कर लेगी। वर्तमान में एक्सप्रेसवे या सामान्य ट्रेनों से इस सफर में काफी अधिक समय लगता है। आगरा में बनने वाले स्टेशन को शहर की 2-3 प्रमुख सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही, एत्मादपुर इलाके में एक इनर रोड बनाने पर भी विचार चल रहा है ताकि नेशनल हाईवे-19 पर लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
2.30 लाख करोड़ का महाप्रोजेक्ट
दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 2.30 लाख करोड़ रुपये है। यह रूट दिल्ली के सराय काले खां से शुरू होगा और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मथुरा, आगरा, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी तक जाएगा। इस कॉरिडोर के तैयार होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के बीच व्यापारिक गतिविधियां भी तेज होंगी।