Bhopal: हिंदू युवती के साथ होटल में मिला मुस्लिम युवक, हंगामा

Police outside Pride Hotel in Bhopal following a clash between activists and a couple.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर स्थित एक होटल में हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के मिलने पर दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट की गई और उसके चेहरे पर गोबर व कालिख पोत दी गई।


होटल के कमरे में मारपीट और अपमान

यह घटना गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के प्राइड होटल की है। जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद निवासी आरिफ खान अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल के कमरे में ठहरा था। इस बात की भनक लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए और कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि, कार्यकर्ता युवक को थप्पड़ मार रहे हैं और युवती को भी डराया-धमकाया जा रहा है। प्रदर्शनकारी युवक को खींचते हुए होटल के बाहर ले आए, जहां उसके कपड़े फाड़ दिए गए और चेहरे पर गोबर व स्याही लगा दी गई।

युवती का बयान और कानूनी स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित थाने ले गई। पुलिस की पूछताछ में युवती ने स्पष्ट किया कि उसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं हुई है। युवती ने बताया कि वह और आरिफ पिछले पांच सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में हैं। युवती के अनुसार, वह जिस स्थान पर रहती है वहां बाहरी पुरुषों का प्रवेश वर्जित है, इसलिए वे मिलने के लिए होटल आए थे। उसने इस मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।

युवक का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरिफ खान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। भोपाल के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं और वर्तमान में कोर्ट में उसके विरुद्ध पांच मामले विचाराधीन हैं। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि होटल के नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं और मारपीट करने वालों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाने चाहिए।

और नया पुराने