अलीराजपुर: मंत्री के भाई की धमकी से दहशत में महिला अधिकारी

Alirajpur Janpad CEO Priya Kag who was threatened by a minister's brother in MP.

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में महिला सशक्तिकरण के दावों के बीच एक महिला प्रशासनिक अधिकारी को सरेआम धमकी देने का मामला सामने आया है। अलीराजपुर सीईओ प्रिया काग को कैबिनेट मंत्री के भाई ने कथित तौर पर जिंदा दफनाने की धमकी दी, जिसके बाद से वह सुरक्षा कारणों से दहशत में हैं।

अपात्र आवेदनों पर शुरू हुआ विवाद

यह घटना 22 अप्रैल की है, जब जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) प्रिया काग ने 'कन्या विवाह योजना' की समीक्षा की थी। उन्होंने नियमों के तहत कुछ ऐसे आवेदनों को खारिज कर दिया जो योजना के लिए अपात्र पाए गए थे। इस प्रशासनिक निर्णय से नाराज होकर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान अधिकारी के दफ्तर में घुस आए।

सरेआम जिंदा दफनाने की धमकी

एफआईआर के अनुसार, इंदर सिंह चौहान ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए प्रिया काग का रास्ता रोका और चिल्लाते हुए उन्हें भद्दी गालियां दीं। उन्होंने डराते हुए कहा, "सब मेरी मर्जी से होगा... तुझे यहीं जिंदा दफन कर दूंगा और तेरे दांत तोड़ दूंगा"। इस खौफनाक अनुभव के बाद प्रिया काग इतनी डर गई हैं कि उन्होंने अपनी फील्ड विजिट पूरी तरह बंद कर दी है और खुद को दफ्तर की चारदीवारी तक सीमित कर लिया है।

गिरफ्तारी के तुरंत बाद मिली जमानत

पुलिस ने दबाव बढ़ने पर 24 अप्रैल को आरोपी इंदर सिंह चौहान को गिरफ्तार किया था। उन पर बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद हाई बीपी और बीमारी का हवाला देकर उन्हें जमानत मिल गई। रिपोर्ट के मुताबिक, इंदर सिंह का पिछला रिकॉर्ड काफी डरावना है; उन पर पिछले 32 वर्षों में हत्या, लूट और डकैती जैसे 25 से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं।

कौन हैं प्रिया काग ?

प्रिया काग मध्य प्रदेश की एक होनहार प्रशासनिक अधिकारी हैं। वे MPPSC 2022 की टॉपर रही हैं और अपने समाज की पहली महिला अधिकारी हैं। इस घटना ने राज्य में महिला अधिकारियों की सुरक्षा और रसूखदारों के हस्तक्षेप पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

और नया पुराने