खान सर कोचिंग हमला: पटना में बवाल, तीन आरोपी गिरफ्तार



पटना के मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर (Khan Sir Coaching) पर हुए कथित हमले और तोड़फोड़ के बाद बिहार की राजधानी में सियासी और सामाजिक सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार रात हुई इस घटना के विरोध में बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर आए, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

सरेराह तोड़फोड़ और सुरक्षा गार्ड पर हमला :

घटना मंगलवार रात करीब 10:10 बजे की है, जब पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित 'खान ग्लोबल स्टडीज' के बाहर 15 से 20 असामाजिक तत्वों ने धावा बोल दिया। हमलावरों ने संस्थान के गेट पर पथराव किया, पोस्टर फाड़ दिए और वहां तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। खान सर ने आरोप लगाया कि इस दौरान हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग भी की, हालांकि पुलिस ने अब तक सीसीटीवी फुटेज (CCTV) की जांच के आधार पर गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है।


छात्रों का उग्र प्रदर्शन और खान सर की भावुक अपील

बुधवार सुबह हमले की खबर फैलते ही आक्रोशित छात्र-छात्राएं खान सर के आवास के बाहर जमा हो गए और सड़क जाम कर दी। छात्रों की बढ़ती भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान खान सर खुद बालकनी में आए और हाथ जोड़कर छात्रों से शांति बनाए रखने और घर लौटने की अपील की। उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से काम कर रहा है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


कोचिंग माफिया की रंजिश? तीन गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 'ज्ञान बिंदु' कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ अभिषेक और गौरव नाम के दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। खान सर ने अंदेशा जताया है कि कम फीस में बेहतर शिक्षा देने के कारण अन्य कोचिंग संचालक उनसे जलन रखते हैं और इसी रंजिश में यह हमला करवाया गया है।


बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मामले में डीजीपी से बात कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। फिलहाल सुरक्षा कारणों से कोचिंग को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है
और नया पुराने