अखिलेश यादव बोले: PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन

Akhilesh Yadav speaking about PDA meaning

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि PDA का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावे में हुई चोरी की जांच को सनातन धर्म के लिए अपमानजनक बताया और भाजपा पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया।

आगरा में विजन इंडिया कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे में चोरी की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है कि मंदिर में हुई चोरी की जांच अधिकारी करेंगे। उनका कहना था कि ऐसी घटनाओं पर आपस में चर्चा कर समाधान निकालना चाहिए, न कि कैमरों के सामने विवाद करना।

अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नकारात्मक राजनीति करती है और इसके लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है। उन्होंने गैस की समस्या और महंगाई पर भी सरकार को घेरा। साथ ही नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विश्व गुरु बनने का सपना देखने वाली सरकार बच्चों की परीक्षा सुरक्षित नहीं रख सकी।

योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उन्हें कोई नहीं जानता था। वहीं, प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी को “सूक्ष्म मंत्री” बनाए जाने पर भी तंज कसा। अखिलेश ने आगरा के पेठा उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने और आलू किसानों के लिए कॉमन फेसिलिटी सेंटर बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा कि खराब आलू से वाइन और वोदका बनाने की योजना भी सपा सरकार में लागू की जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट में आगरा के उद्यमियों की उचित पैरवी के लिए उन्होंने देश के सबसे बड़े वकील को खड़ा करने की बात कही। महंगाई और बेरोजगारी पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सपा सरकार बनेगी।

कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने PDA का नया अर्थ समझाया—प्रेम, दया और अपनापन। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता से इन्हीं मूल्यों के साथ जुड़ें और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएँ।
और नया पुराने