निजामुद्दीन-त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस में आग, सभी यात्री सुरक्षित

Fire in the B1 coach of Rajdhani Express near Ratlam district.

रतलाम के पास त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने से हड़कंप मच गया। रविवार सुबह ट्रेन के बी-1 कोच में अचानक आग भड़क उठी, लेकिन रेलवे स्टाफ की मुस्तैदी से सभी 68 यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए। इस घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग घंटों बाधित रहा।

सुबह साढ़े पांच बजे लगी आग

हादसा रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ जब गाड़ी संख्या 12431 त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस रतलाम जिले के आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। ट्रेन जब अपनी रफ्तार में थी, तभी गार्ड ने कोच से धुआं निकलता देखा और तुरंत इसकी सूचना इंजन चालक को दी।

15 मिनट में खाली कराया गया कोच

आग की सूचना मिलते ही ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में ट्रैक पर रोका गया। ट्रेन के बी-1 (B1) एसी कोच में आग लगी थी, जिसमें कुल 68 यात्री सवार थे। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और ट्रेन स्टाफ ने मोर्चा संभालते हुए महज 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को कोच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अधिकारियों की इस सतर्कता से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

दिल्ली-मुंबई रेल यातायात प्रभावित

हादसे के बाद एहतियात के तौर पर ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया और प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग (डिटैच) कर दिया गया। इस घटना के कारण दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे पिछले दो घंटे से अधिक समय से इस रूट पर रेल परिचालन बाधित है।

कोटा रेल मंडल से तकनीकी और राहत टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और वरिष्ठ अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था दी जा रही है।

और नया पुराने