महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET 2026) के आयोजन से ठीक एक दिन पहले राज्य में बड़ा पेपर लीक घोटाला सामने आया है, जिसके चलते आगामी आदेश तक परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है। ठाणे के भिवंडी में पुलिस की विशेष छापेमारी में प्रश्न पत्र लीक होने का पर्दाफाश हुआ, जिसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने 28 जून को होने वाली दोनों पालियों की परीक्षाओं को रद्द करने का कड़ा फैसला लिया।
भिवंडी पुलिस की छापेमारी में तीन गिरफ्तार
गुप्त सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने 27 जून की सुबह एक संदिग्ध स्थान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान, पुलिस को परीक्षा से पहले प्रश्न पत्र मिले। MSCE के अधिकारियों ने जब इन पेपर्स का मिलान मूल प्रश्न पत्रों से किया, तो वे हूबहू मैच हो गए। इस गंभीर मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर 3 मुख्य संदिग्धों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। रैकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जांच तेज कर दी गई है।
4.28 लाख से अधिक उम्मीदवार और कार्यरत शिक्षकों पर असर
परीक्षा स्थगित होने से राज्य के 4 लाख 28 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की मेहनत पर पानी फिर गया है। राज्य भर के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की जानी थी। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि कुल उम्मीदवारों में से 2.26 लाख शिक्षक पहले से कार्यरत हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, अपनी नौकरी बचाने के लिए इन शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य है।
अगली परीक्षा के लिए नई तारीखें जल्द होंगी घोषित
MSCE की अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था। उन्होंने आश्वस्त किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को दोबारा फॉर्म या फीस नहीं भरनी होगी। नई परीक्षा तारीखों की घोषणा जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट mahatet.in पर की जाएगी।