तमिलनाडु (Tamil Nadu) के नवनिर्वाचित CM विजय को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने फोन कर ऐतिहासिक जीत की बधाई दी है। पीएम इब्राहिम ने विजय के फिल्मी करियर और असल जिंदगी की राजनीतिक क्रांति की सराहना करते हुए इसी साल सितंबर में भारत आने की घोषणा भी की है।
फिल्मी गाने 'ओरु विरल पुरत्ची' का किया जिक्र मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सुपरस्टार से राजनेता बने जोसेफ विजय की सफलता को एक 'असली क्रांति' करार दिया। उन्होंने विजय की सुपरहिट फिल्म 'सरकार' के प्रसिद्ध गाने "ओरु विरल पुरत्ची" (एक उंगली की क्रांति) का हवाला देते हुए कहा कि जो बदलाव पर्दे पर तीन घंटे में दिखता था, उसे अब विजय ने असल जिंदगी में लोकतंत्र के जरिए सच कर दिखाया है। पीएम इब्राहिम ने विश्वास जताया कि विजय भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने आंदोलन को और भी प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाएंगे।
सितंबर में भारत आएंगे PM इब्राहिम
बधाई संदेश के दौरान मलेशियाई पीएम ने अपनी आगामी भारत यात्रा का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वह इसी साल सितंबर महीने में ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में भाग लेने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करने के लिए भारत आ रहे हैं। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि यदि अवसर मिला, तो वह इस यात्रा के दौरान तमिलनाडु का दौरा कर व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात करेंगे।
सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों की मजबूती
मुख्यमंत्री विजय ने इस शुभकामना संदेश के लिए पीएम इब्राहिम का आभार व्यक्त किया और तमिलनाडु व मलेशिया के बीच सदियों पुराने संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने की प्रतिबद्धता जताई। बता दें कि मलेशिया में करीब 27.5 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत तमिल भाषी हैं। यह दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा भारतीय समुदाय है, जिससे तमिलनाडु की राजनीति का गहरा कनेक्शन जुड़ा हुआ है।
2026 चुनाव में TVK का शानदार उदय
2026 के विधानसभा चुनावों में विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) ने राज्य की पारंपरिक द्रविड़ राजनीति को चुनौती देते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस और अन्य दलों के समर्थन से वह राज्य के 13वें मुख्यमंत्री बने हैं। पिछले रविवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई, जिसमें राहुल गांधी और तृषा कृष्णन जैसी कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं।